हौज़ा न्यूज़ एजेंसी के अनुसार ,हुज्जतुल इस्लाम वल मुस्लिमीन मौलाना मासूम रज़ा कैफ़ी ने 20 नवंबर 2026 को जुमआ के ख़ुत्बे में क़नाअत की अहमियत बयान करते हुए कहा कि क़नाअत इंसान के जीवन की एक महान नैतिक और आध्यात्मिक विशेषता है। यह इंसान को लालच, फ़िज़ूलखर्ची और दुनियावी दिखावे से बचाकर शुक्रगुज़ारी और संतोष की राह दिखाती है। उन्होंने कहा कि इंसान को अल्लाह की ओर से मिली हुई नेमतों पर शुक्र अदा करना चाहिए और जो चीज़ें नहीं मिली हैं, उनके लिए सब्र करना चाहिए।
मौलाना ने अपने ख़ुत्बे में क़ुरआन मजीद की आयत وَأَطْعِمُوا الْقَانِعَ وَالْمُعْتَرَّका हवाला देते हुए कहा कि क़ुर्बानी के गोश्त में से उन ज़रूरतमंदों को भी खिलाया जाए, जो अपनी ज़रूरत जाहिर नहीं करते और उन लोगों को भी जो अपनी ज़रूरत लेकर आते हैं।

उन्होंने कहा कि इस्लाम केवल इबादत की शिक्षा नहीं देता, बल्कि समाज के ग़रीब, बेसहारा और ज़रूरतमंद लोगों की मदद करने की भी ताकीद करता है। पैग़म्बरे इस्लाम (स.ल.) की हदीस
كُنْ قَانِعًا تَكُنْ أَشْكَرَ النَّاسِ
का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि क़नाअत अपनाने वाला व्यक्ति सबसे अधिक शुक्रगुज़ार लोगों में शामिल हो सकता है।
उन्होंने कहा कि क़नाअत ऐसी महान नेमत है, जो इंसान को अल्लाह की तक़दीर और उसकी मर्ज़ी पर संतुष्ट रहना सिखाती है। इंसान को यक़ीन रखना चाहिए कि अल्लाह ने उसके लिए जो कुछ निर्धारित किया है, उसमें हिकमत और भलाई मौजूद है। जो व्यक्ति अल्लाह की तक़सीम पर राज़ी रहता है, वह दुनियावी लालच और अनावश्यक इच्छाओं से दूर रहता है। मौलाना ने इस बात पर ज़ोर दिया कि इंसान की असली कामयाबी अधिक धन-संपत्ति हासिल करने में नहीं, बल्कि अपने रब की नेमतों को पहचानने और हर हाल में शुक्रगुज़ार रहने में है।

मौलाना मासूम रज़ा कैफ़ी ने पैग़म्बरे इस्लाम (स.ल.) की क़नाअत से संबंधित शिक्षा को बयान करते हुए कहा कि क़नाअत ऐसी सल्तनत है, जिसे कभी ज़वाल नहीं होता। यह एक ऐसी आध्यात्मिक विशेषता है, जो इंसान को अल्लाह की रज़ा के रास्ते पर आगे बढ़ाती है और उसकी आख़िरत को संवारने का ज़रिया बनती है।
उन्होंने कहा कि इंसान को अल्लाह की ओर से मिली हुई चीज़ों पर संतुष्ट रहना चाहिए और जो चीज़ें नहीं मिलीं, उनके लिए सब्र करना चाहिए। यही क़नाअत का वास्तविक अर्थ और ईमान की खूबसूरत निशानी है।
ख़ुत्बे में उन्होंने समाज में बढ़ती फ़िज़ूलखर्ची और खाने की बर्बादी पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने विशेष रूप से शादियों में होने वाली खाने की बर्बादी का उल्लेख करते हुए कहा कि शादी-ब्याह जैसे आयोजनों में बड़ी मात्रा में खाना बर्बाद करने के बजाय उसे ग़रीबों और ज़रूरतमंद परिवारों तक पहुंचाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि खुशी के अवसरों पर समाज के कमज़ोर और आर्थिक रूप से परेशान लोगों को याद रखना इस्लामी शिक्षाओं का महत्वपूर्ण हिस्सा है। किसी भूखे को भोजन कराना केवल सामाजिक ज़िम्मेदारी नहीं, बल्कि एक नेक अमल भी है।

मौलाना ने खाने की बर्बादी रोकने के लिए दूसरी महत्वपूर्ण बात यह कही कि बचे हुए खाने को कूड़े में फेंकने के बजाय, यदि वह सुरक्षित और जानवरों के खाने योग्य हो, तो उसे जानवरों को दे देना चाहिए। उन्होंने कहा कि अल्लाह की दी हुई नेमतों की क़द्र करना हर इंसान की ज़िम्मेदारी है।
क़नाअत का तक़ाज़ा है कि इंसान अपनी ज़रूरत के मुताबिक़ खर्च करे, दूसरों की ज़रूरतों का एहसास रखे और किसी भी नेमत को बर्बाद न करे। उन्होंने लोगों से अपील की कि क़नाअत, शुक्रगुज़ारी, सब्र और ज़रूरतमंदों की मदद को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं।
आपकी टिप्पणी